लगभग दस देशों के प्रतिनिधि, राजनयिक, न्यायाधीश, शिक्षाविद और मानवाधिकार विशेषज्ञ होंगे शामिल
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन 2026 का आयोजन कल, 25 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का आयोजन विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें लगभग दस देशों के प्रतिनिधि, राजनयिक, न्यायविद, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, शोधकर्ता, विश्वविद्यालयों के कुलपति और मानवाधिकार विशेषज्ञ शामिल होंगे।
अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में मानवाधिकारों के संरक्षण की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा यह समझना है कि सरकारें और गैर-सरकारी संगठन नागरिकों के जीवन, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा की रक्षा के लिए क्या प्रभावी कदम उठा रहे हैं। युद्ध, अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और सामाजिक संकटों के बीच मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आज एक गंभीर वैश्विक चुनौती है।
‘मानवाधिकार, न्याय, शांति, शोध और जन-जागरूकता’ की थीम पर आधारित इस अधिवेशन में कानूनों में उल्लिखित अधिकारों और उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन के बीच मौजूद अंतर पर चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से ऐसी प्रभावी और नवाचारपूर्ण पहलों की पहचान पर जोर दिया जाएगा, जिन्होंने नागरिकों को न्याय दिलाने, अधिकारों की रक्षा करने और सामाजिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिक स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय तक पहुंच, मानवाधिकार कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न देशों में मानवाधिकारों की मौजूदा स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। विभिन्न देशों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ अपने अनुभव, चुनौतियां तथा समाधान संबंधी सुझाव साझा करेंगे।
अधिवेशन में देश-विदेश के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं द्वारा शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके माध्यम से मानवाधिकारों से जुड़ी जमीनी चुनौतियों और संभावित समाधानों पर तथ्यपरक चर्चा होगी। प्राप्त सुझावों और शोध निष्कर्षों को संबंधित आयोगों, सरकारी संस्थानों तथा नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मानवाधिकार संरक्षण से जुड़े प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर मानवाधिकार संरक्षण और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगी।
आयोजकों के अनुसार, अधिवेशन में विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, बार काउंसिलों, बार एसोसिएशनों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, नागरिकों और मानवाधिकार के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां शोध, संवाद और सहयोग के माध्यम से मानवाधिकार संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
अधिवेशन से संबंधित जानकारी और पंजीकरण के लिए इच्छुक नागरिक विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट WWW.WHRRC.ORG पर विजिट कर सकते सकते है या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8510888811 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के लोग अधिवेशन की गतिविधियों और चर्चाओं से जुड़ सकेंगे।
